Public Sector NewsSlider

एनएलसी इंडिया लिमिटेड को माननीय कोयला एवं खान मंत्री द्वारा प्रतिष्ठित “निष्ठा की प्रतिष्ठा” पुरस्कार प्राप्त हुआ

NLC India Wins “Nishta Ki Pratishta” Award from Minister of Coal & Mines

एनएलसी इंडिया लिमिटेड (एनएलसीआईएल), कोयला मंत्रालय के अंतर्गत एक नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र उद्यम को राजभाषा कार्यान्वयन के प्रति अपनी उत्कृष्ट प्रतिबद्धता के लिए कोयला मंत्रालय द्वारा “निष्ठा की प्रतिष्ठा” पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

यह पुरस्कार आज नई दिल्ली के होटल अशोक में आयोजित कोयला मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, हिंदी अधिकारियों और कोयला कंपनियों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।

एनएलसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री प्रसन्न कुमार मोटुपल्ली ने श्री जी. किशन रेड्डी, माननीय कोयला एवं खान मंत्री, भारत सरकार द्वारा यह पुरस्कार प्राप्त किया। श्री सुमेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक (नई दिल्ली) और श्रीमती रजनी लंकपल्ली, हिंदी ऑफिसर को राजभाषा को बढ़ावा देने में उनकी निष्ठा और खास योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

बैठक के दौरान, कोयला क्षेत्र की सार्वजनिक क्षेत्र कम्पनियों द्वारा हिंदी कार्यान्वयन पहलों पर कई प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में आधिकारिक संचार में हिंदी के प्रयोग को सुदृढ़ बनाने की रणनीतियों पर चर्चा की गई।

एनएलसीआईएल ने व्यवस्थित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, त्रैमासिक हिंदी प्रतियोगिताओं और प्रबोध, प्रवीण और प्राज्ञ पाठ्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से राजभाषा को बढ़ावा देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता का निरंतर प्रदर्शन किया है। कंपनी, व्यावहारिक हिंदी भाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए नियमित रूप से अपनी सभी इकाइयों, परियोजनाओं और कार्यालयों में बोल-चाल हिंदी कक्षाएं आयोजित करती है। कंपनी द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से आधिकारिक गतिविधियों, उपलब्धियों और कार्यक्रम विवरणों को हिंदी में साझा करके सार्वजनिक सहभागिता बढ़ाने के लिए सक्रिय कदम भी उठाया जा रहा है।

यह पुरस्कार एनएलसीआईएल के सभी क्षेत्रों में राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है। एनएलसीआईएल ने अपने दैनिक आधिकारिक संचार, प्रशिक्षण और प्रलेखन प्रथाओं में हिंदी भाषा के प्रयोग को एकीकृत किया है, तथा राजभाषा विभाग के सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया है।

इस अवसर पर बोलते हुए, एनएलसी इंडिया लिमिटेड के सीएमडी श्री प्रसन्न कुमार मोटुपल्ली ने एनएलसीआईएल के सभी कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों और कोयला मंत्रालय के सहयोग की गहरी सराहना की।

यह मान्यता एनएलसीआईएल द्वारा राजभाषा नीति के प्रति दृढ़तापूर्वक पालन तथा भाषाई समावेशिता और प्रशासनिक उत्कृष्टता की संस्कृति को सुदृढॉ करने में इसके सक्रिय दृष्टिकोण को रेखांकित करती है।

Related posts

Back to top