Public Sector News

केन्द्रीय विद्युत राज्य मंत्री द्वारा सी.एम. साइन्स कॉलेज में छात्रावास बिल्डिंग का शिलान्यास

दरभंगा के ऐतिहासिक एवं ख्याति प्राप्त शिक्षण संस्थान सी. एम. साइन्स  कॉलेज में आर्यभट्ट पुरुष छात्रावास की बिल्डिंग का निर्माण भारत सरकार की महारत्न कंपनी पावर ग्रिड कॉर्पोरेशनऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) द्वारा अपने निगमित सामाजिक दायित्व (CSR) मद से किया जाएगा। आज आर. के. सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) (विद्युत एवं नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा) एवं राज्य मंत्री (कौशल विकास और उद्यमिता) द्वारा इस परियोजना का शिलान्यास वर्चुअल माध्यम  से किया गया। इस मौके पर  दरभंगा के सांसद  श्री  गोपाल जी ठाकुर  विशिष्ट अतिथि के रूप  में ऑनलाइन जुड़े हुए थे और दरभंगा के विधायक  श्री  संजय  सरावगी  की गरिमामयी उपस्थिति में इस शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर पावरग्रिड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री के. श्रीकांत ने सभी गण-मान्य अतिथियों का स्वागत किया।

पावरग्रिड  के  निगमित  सामाजिक  दायित्व  के अंतर्गत 7.5 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से सी. एम. साइंस कॉलेज, दरभंगा में बनने वाले इस आर्यभट्ट बॉयज़ हॉस्टल में 150 बेड होंगे। इसके साथ ही पावरग्रिड सीएसआर के तहत ही सी.एम. साइंस कॉलेज में पार्क का भी विकास किया जाएगा। इस परियोजना से सी. एम. साइंस कॉलेज में अध्ययनरत छात्रों को पर्याप्त आवास सुविधा प्रदान करने में मदद मिलेगी और कॉलेज के छात्रों के लिए विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों की मेजबानी के लिए पर्याप्त ढांचागत सुविधा उपलब्‍ध होगी।

विदित हो कि पावरग्रिड द्वारा ही लगभग 15 करोड़ रूपए की लागत से दरभंगा के  डी.एम.सी.एच में पावरग्रिड विश्राम सदन का भी निर्माण किया जा रहा है । इस परियोजना  का निर्माण कार्य प्रारम्भ हो चुका है।

पावरग्रिड, विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन एक ‘महारत्न’ सार्वजनिक उद्यम है जो अत्याधुनिक रखरखाव तकनीकों, स्वचालन एवं डिजिटलीकरण के उपयोग से अपने विशाल नेटवर्क की उपलब्‍धता 99% से ऊपर बनाए रखता है। अगस्त, 2020 की समाप्ति पर  पावरग्रिड और उसकी सहायक कंपनियों की कुल पारेषण परिसंपत्तियों में 1,64,511 सर्किट किमी की पारेषण लाइनें, 249 सब-स्टेशन और 4,14,774 एमवीए से अधिक की ट्रांसफार्मेशन क्षमता सम्मिलित है।

Related posts

Back to top