नई दिल्ली, 25 जनवरी रविवार को मन की बात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश के उदाहरणों के माध्यम से समस्याओं के समाधान में समाज की सामूहिक शक्ति और जनभागीदारी की सराहना की।
अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम के 130वें एपिसोड में पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय समाज स्वभाव से ही इनोवेटिव है और लोग स्टार्टअप्स या सामूहिक प्रयासों के ज़रिये समस्याओं का समाधान खोजते हैं।
उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने तमसा नदी को पुनर्जीवित करने के लिए अभियान चलाया। बढ़ते प्रदूषण और गाद से प्रभावित नदी को साफ़ किया गया और किनारों पर फलदार व छायादार पेड़ लगाए गए, जिससे नदी को नया जीवन मिला।
प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश के सूखाग्रस्त अनंतपुर जिले का उदाहरण भी साझा किया, जहां जल संकट से निपटने के लिए लोगों ने प्रशासन के सहयोग से अनंत नीरू संरक्षणम परियोजना शुरू की। इसके तहत 10 से अधिक जलाशयों को पुनर्जीवित किया गया और 7,000 से ज्यादा पेड़ लगाए गए, जिससे जल संरक्षण के साथ क्षेत्र में हरियाली भी बढ़ी।
पीएम मोदी ने कहा कि आज़मगढ़ हो या अनंतपुर, देशभर में जनभागीदारी और कर्तव्यबोध के साथ किए गए ऐसे प्रयास भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।
