पंजाब नैशनल बैंक को “क” क्षेत्र में वर्ष 2014-15 के दौरान राजभाषा नीति के श्रेष्ठ कार्यान्वयन के लिए राजभाषा कीर्ति पुरस्कारों की राष्ट्रीयकृत बैंकों एवं बैंकिंग संस्थाओं की श्रेणी में के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ|
भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा विज्ञान भवन में हिन्दी दिवस के अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में भारत के माननीय राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी से बैंक के कार्यपालक निदेशक श्री के.वी.ब्रह्माजी राव ने पुरस्कार स्वरूप शील्ड ग्रहण किया| सभागार में मंच पर श्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय गृह मंत्री, श्री हरीभाई पारथीभाई चौधरी, गृह राज्यमंत्री भी मौजूद थे| इस अवसर पर पंजाब नैशनल बैंक की ओर से महाप्रबंधक श्री हरिकांत राय भी उपस्थित थे|
विदित है कि राजभाषा कीर्ति पुरस्कार राजभाषा के क्षेत्र में भारत सरकार द्वारा प्रदान किया जाने वाला सर्वोच्च पुरस्कार है| पुरस्कार प्राप्त करने के बाद बैंक के कार्यपालक निदेशक श्री के.वी.ब्रह्माजी राव ने पीएनबी के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को बधाई देते हुई कहा कि पीएनबी की सभी सेवाएं टेक्नोलोजी युक्त हैं और उनमें हिन्दी में काम करने की सुविधा उपलब्ध है तथा बैंक के ग्राहकों की अपेक्षा के अनुसार उन्हें बैंकिंग सुविधाएं हिन्दी में दी जा रही हैं| यह पुरस्कार परिवार के सभी साथियों के हिन्दी के प्रति लगाव और समर्पण का परिणाम है| श्रीमती उषा अनंतसुब्रह्मण्यन, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने राजभाषा माह के उपलक्ष्य में जारी अपने सन्देश में पीएनबी कर्मियों से अपील की है कि बैंकिंग सेवाओं में हिन्दी का प्रयोग बढाने के लिए और अधिक परिश्रम करें ताकि पीएनबी राजभाषा नीति के कार्यान्वयन में हमेशा शीर्ष स्थान पर बना रहे|

