41.5 C
New Delhi
June 4, 2026
News from StatesSlider

बिहार राजभवन में गुजरात दिवस का आयोजन किया गया

Gujarat Day was organized at Bihar Raj Bhavan

पटना, मई 01 बिहार राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने राजभवन, पटना के राजेन्द्र मंडप में ’एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के तहत गुजरात के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया तथा वहाँ के निवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी एवं राज्य के प्रगति और समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत
विविधताओं से भरा हुआ देश है जहाँ अनेक भाषा, बोली, संस्कृति और आस्था के लोग रहते हैं। इस विविधता की स्वीकार्यता और सम्मान भारतीय संस्कृति का विशिष्ट पहलू है।

राज्यपाल ने महात्मा गाँधी के मूल्यों और सिद्धांतों की चर्चा करते हुए कहा कि वे नेल्सन मंडेला सहित विश्व के अनेक लोगों के प्रेरणास्रोत रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आदि शंकराचार्य ने यदि पूरे भारत को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता का बोध कराया तो सरदार बल्लभ भाई पटेल ने अपनी बुद्धिमता और प्रजा का प्रयोग कर पूरे देश को राजनीतिक एकता के सूत्र में बाँधा।

राज्यपाल ने भारत में विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान महावीर का जन्म बिहार में हुआ, परन्तु गुजरात में इसका काफी प्रभाव है। उन्होंने कहा कि जैन धर्म के मूल में अनेकान्तवाद है जो विविधता का द्योतक है।

\राज्यपाल ने कहा कि हमारी संस्कृति का आवाहन है कि हम विविधता को स्वीकार करें। हम सामने से नजर आनेवाली विविधता का सम्मान करें, परन्तु इसके पीछे छिपी हुई एकात्मता को भी आत्मसात करें क्योंकि हम सब के भीतर आत्म तत्व के रूप में परमात्म तत्व विद्यमान है। यही भारतीय संस्कृति का श्रेष्ठतम आदर्श है।

राज्यपाल ने कार्यक्रम में भारतमाता, महात्मा गाँधी एवं सरदार बल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि की। इस अवसर पर गुजराती संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में गुजरात के माननीय राज्यपाल श्री आचार्य देवव्रत के वीडियो संदेश का प्रसारण किया गया।