37.7 C
New Delhi
June 7, 2026
News from States

पंडित विद्याघर व्यास को मिला स्मिपैक लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

vidyadhar vyas

-त्रिवेणी में शास्त्रीय संगीत संध्या का आयोजन

नई दिल्ली। हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के उस्तादों को उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित करने व युवा आइकन और नवोदित कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए शनिवार को राजधानी दिल्ली में एक शास्त्रीय संगीत संध्या का आयोजन किया गया। स्मिपैक ट्रस्ट ने पीपुल्स फाउंडेशन के साथ मिलकर मंडी हाउस स्थित त्रिवेणी कला संगम में शास्त्रीय संगीत संध्या संगीत कार्यक्रम उत्सव 24 का आयोजन किया है।

इस अवसर पर ग्वालियर घराने की घरोहर एवं भातखंडे यूनिवर्सिटी के पूर्व उपकुलपति पंडित विद्याघर व्यास को शास्त्रीय संगीत में उनके अमूल्य योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं, विशेष अतिथियों के रूप में भारत सरकार के पूर्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव लव वर्मा व दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर दीपेन्द्र पाठक उपस्थित रहे। करीब तीन घंटे चले इस कार्यक्रम में अन्य वर्षों की भांति इस वर्ष भी भारतीय क्लासिकल संगीत के क्षेत्र में पुरोधाओं का सम्मान करने का सिलसिला जारी रखते हुए उन्हें नई पीढ़ी के कलाकारों के साथ प्रदर्शन करने का मौका मिला।

पीपुल्स फाउंडेशन के अध्यक्ष वी एन झा ने दीपेन्द्र पाठक और सास्किया राव, भारत भूषण गोस्वामी, शैलेन्द्र मिश्रा, सुयश गुप्ता, अमिताव चटर्जी, मिहिर नट्टा, चेतन निगम, राजीव बनर्जी के साथ मिलकर पंडित विद्याघर व्यास को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया। जिसके बाद पंडित विद्याघर व्यास ने पीपुल्स फाउंडेशन और स्मिपैक ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और उन्हें आगे भी अपने इस प्रकार के प्रयासों को जारी रखने का निवेदन किया। बता दें कि स्मिपैक फाउंडेशन ट्रस्ट संगीत प्रेमियों के साथ संगीत कार्यक्रम, पूजा, पुरस्कार समारोह और इंटरैक्टिव सत्र आयोजित करके भारत की समृद्ध संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है। यह संगीत और नृत्य के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए युवाओं और होनहार छात्रों को छात्रवृत्ति भी प्रदान करता है। पीपुल्स फाउंडेशन समग्र स्वास्थ्य, कृषि, महिलाओं के मुद्दों, कला और संस्कृति के क्षेत्र में काम करने वाला एक सामाजिक ट्रस्ट है। यह विभिन्न सरकारी संगठनों के साथ साझेदारी में काम कर रहा है