नई दिल्ली, दिनाँक 01-11-2022: उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई
भारतीय रेल अपनी व्यापक जन पहुँच के कारण भ्रष्टाचार से निपटने के लिए प्रभावी उपाय करने में सदैव अग्रणी रही है। भ्रष्टाचार की बुराई के संबंध में जन जागरूकता बढ़ाने और भारत को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में अपना सहयोग देने के लिए, उत्तर रेलवे 31.10.2022 से 06.11.2022 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मना रही है।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह – 2022 के शुभारम्भ अवसर पर, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, श्री आशुतोष गंगल ने आज उत्तर रेलवे प्रधान कार्यालय, बड़ौदा हाउस, नई दिल्ली में अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। सत्यनिष्ठा की इस शपथ में उत्तर रेलवे के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ने की शपथ ली।
सत्यनिष्ठा की शपथ के पश्चात दिल्ली मण्डल की सांस्कृतिक टीम ने सतर्कता पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उत्तर रेलवे मुख्यालय पर एक सतर्कता संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री एस.के. मोहन्ती, सदस्य, ओ.बी.डी.; सदस्य, इंफ़्रास्ट्रक्चर; सचिव, रेलवे बोर्ड तथा प्रमुख कार्यकारी निदेशक, सतर्कता, रेलवे बोर्ड, श्री सी.वी. रमन सहित उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक तथा वरिष्ठ उप-महाप्रबंधक उपस्थित रहे। संगोष्ठी में सदस्य, ओ.बी.डी. ने उत्तर रेलवे की सतर्कता ई-बुलेटिन का भी विमोचन किया। केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष इसका आयोजन 31.10.2022 से 06.11.2022 तक किया जा रहा है। इस दौरान वाद-विवाद तथा स्टेशनों का दौरा जैसी अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
