National NewsPhoto Gallery

राज्य मंत्री विजय कुमार कश्यप ने किया संरक्षण क्षमता महोत्सव – “सक्षम”- 2021 का समापन

15water conservation

15 फरवरी 2021,लखनऊ: राज्य मंत्री (राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण), उत्तर प्रदेश सरकार, श्री विजय कुमार कश्यप ने आज वर्चुअल माध्यम से जन-केन्द्रित ईंधन संरक्षण मेगा अभियान ‘सक्षम-2021’ का समापन लखनऊ से किया। पीसीआरए के तत्त्वाधान में आयोजित किए जाने वाले इस संरक्षण क्षमता महोत्सव – सक्षम – अभियान का मूल उदेश्य है – देश की जनता को हरित और वैकल्पिक ऊर्जा के प्रयोग के विषय जागरूक करना और इसके माध्यम से पूरे देश को पर्यावरण संरक्षण तथा वैश्विक तापमान को कम करने के प्रयासों से भी जोड़ना।

इस एक माह के अभियान से यह प्रयास किया जाता है कि देश की जनता न केवल इस एक माह अपितु वर्ष भर इस दिशा में आगे बढ़ सके। इसके साथ ही परम्परागत ऊर्जा के साधनों के कम से कम प्रयोग से भी उत्तम परिणाम प्राप्त करने पर बल देने हेतु जन-जागरण करना भी इस अभियान का हिस्सा है, जिससे जनता सजगता के साथ इन संसाधनों का प्रयोग करे।

आज इस समापन समारोह के अवसर पर माननीय मंत्री महोदय ने इन्हीं बातों पर बल देते हुए विभिन्न तेल कम्पनियों द्वारा किए जाने वाले इस अभियान को जन-जन से जोड़ने के उद्देश्य को सराहा। उन्होनें जनता से अपील करते हुए कहा कि ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में भारत को समृद्ध बनाने के लिए तेल कम्पनियों द्वारा चलाए जा रहे मेगा अभियान का हिस्सा बनें। साथ ही उन्होनें इस अभियान की इस वर्ष की थीम–‘हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा’ के विषय में चर्चा करते हुए हरित ऊर्जा को आज की आवश्यकता बताते हुए सभी से इसपर ध्यान केन्द्रित करने और ऊर्जा के हरित विकल्पों को अपनाने को कहा। अपने वक्तव्य में उन्होनें सभी से माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश की उस पहल से प्रेरणा लेने की बात कही जिसमें कार्बन उत्सर्जन को कम करने पर बल दिया गया है।

इस अवसर पर राज्य स्तरीय समन्वयक, तेल उद्योग और कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख, इंडियनऑयल, उत्तर प्रदेश राज्य कार्यालय-1, डॉ. उत्तीय भट्टाचार्य ने बताया कि “सक्षम” अभियान को (16 जनवरी से 15 फरवरी तक) पूरे एक माह तक अनवरत पूरे प्रदेश में सभी तेल कम्पनियों के द्वारा चलाया गया जिसमें 20,000 से अधिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पेट्रोलियम उत्पादों के संरक्षण और ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों का उपयोग करने के लिए जागरूक और प्रेरित किया गया। ।

पूरे देश की तरह उत्तर प्रदेश में, लखनऊ सहित 30 जिलों में साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया जिसमे बच्चों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अभियान में 3000 से अधिक एलपीजी पंचायतों का आयोजन किया गया और इनके माध्यम से प्रदेश स्तर पर जन-जागरण को जोड़ा गया। इसके साथ ही स्वच्छ एवं हरित ईंधन के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ और आगरा जनपद में पहली बार सीएनजी कार-रैली का आयोजन किया गया ।

लखनऊ, कानपुर, आगरा, प्रयागराज और अलीगढ़ में स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों ने इस अभियान से सम्बन्धित वॉल-पेंटिंग प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में भाग लिया और अपने द्वारा बनाए गए चित्रों के माध्यम से पेट्रोलियम संरक्षण के सन्देशों को जनता तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभायी। इन सभी गतिविधियों के साथ ही साथ गृहणियों / रसोइयों इत्यादि के लिए विशेषकर एलपीजी ईंधन की बचत के सम्बन्ध में प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से विभिन्न सेमिनार और रेडियो, टीवी, इत्यादि माध्यमों से विभिन्न राष्ट्र-व्यापी अभियान भी आयोजित किए गए ।

इस अवसर पर हिन्दुस्तान पेट्रोलियम, लखनऊ के प्रमुख श्री संजय मल्होत्रा ; भारत पेट्रोलियम, लखनऊ के प्रमुख श्री राजीव जायसवाल ; गेल-लखनऊ के प्रमुख श्री आर.के. दास ने भी अपनी उपस्थिति से समारोह की गरिमा बढ़ायी। इस दौरान पेट्रोलियम कम्पनियों / इसके व्यापार से जुड़े डीलर्स / डिस्ट्रीब्यूटर्स एवं शैक्षणिक क्षेत्रों से शिक्षकों – शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों सहित लगभग 650 प्रतिभागी इस समापन समारोह के साक्षी बने।

Related posts

Back to top